BREAKING NEWS
कटिहार: मारपीट में युवक की मौत, बड़ा भाई घायल; चार युवकों पर आरोप
समेली के डूमर पंचायत स्थित बकिया गांव की घटना,पोठिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी
कटिहार:बिहार के कटिहार जिले के समेली प्रखंड अंतर्गत डूमर पंचायत के वार्ड संख्या11स्थित बकिया गांव में मारपीट की घटना में18वर्षीय युवक की मौत हो गई,जबकि उसका बड़ा भाई घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। मृतक के परिजनों ने गांव के चार युवकों पर दोनों भाइयों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान डूमर पंचायत के वार्ड संख्या11निवासी सुमित कुमार यादव (18वर्ष),पिता मिथलेश यादव के रूप में हुई है। वहीं,घायल युवक की पहचान उसके भाई संतोष कुमार यादव के रूप में बताई गई है।
चार युवकों पर मारपीट का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बकिया और डूमर गांव के चार युवकों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। इस घटना में सुमित कुमार यादव की मौत हो गई,जबकि संतोष कुमार यादव घायल हो गए। परिजनों ने मामले को हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना पोठिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले में पोठिया थाना में प्राथमिकी (FIR)दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार,अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार और बिहार पुलिस के जवान मौके पर मौजूद थे।
फिलहाल,घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद अब स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कटिहार से रीतेश कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।