Live

BIHAR NEWS

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर पटना जिला प्रशासन की सभी तैयारियाँ पूरी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर होने वाले स्नान को लेकर पटना जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए घाटों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई है.

गंगा नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित गहराई पर बैरिकेडिंग की गई है. खतरनाक एवं अनुपयुक्त घाटों को चिह्नित कर वहाँ बांस-बल्ले में लाल झंडे लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु उन स्थानों पर जाने से बचें. नगर निगम द्वारा सभी प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है.

नदी में सुरक्षा एवं बचाव के व्यापक इंतजाम

गंगा नदी में मोटर बोट एवं नावों के अवैध परिचालन पर रोक लगा दी गई है. नदी में पर्याप्त संख्या में नदी गश्ती दल के साथ एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई है. सभी टीमों को सतत रूप से गतिशील रहकर आवश्यकतानुसार श्रद्धालुओं की सहायता एवं बचाव कार्य के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया गया है. प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की भी तैनाती की गई है.

सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. भीड़भाड़ वाले प्रमुख घाटों पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है.

स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएँ रहेंगी अलर्ट

जिले के प्रमुख घाटों पर एम्बुलेंस के साथ मेडिकल एवं पैरामेडिकल टीम की तैनाती की गई है. सिविल सर्जन को पीएमसीएच, एनएमसीएच, गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल, पटना सिटी सहित अन्य प्रमुख अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

यातायात एवं विधि-व्यवस्था के लिए विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही यातायात मार्ग निर्धारित किए गए हैं. जिलाधिकारी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को निर्धारित यातायात व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.

सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षात्मक एवं विधि-व्यवस्था संबंधी तैयारियाँ पूरी रखने का निर्देश दिया गया है.

जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय उपस्थित रहकर पूरी सजगता एवं तत्परता से ड्यूटी करने का निर्देश दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.

जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के निर्देशों का पालन करें, घाटों पर निर्धारित बैरिकेडिंग के आगे न जाएँ तथा खतरनाक एवं अनुपयुक्त घोषित घाटों पर स्नान करने से बचें. सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करें.

नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें