BREAKING NEWS
कैमूर में धर्म सम्मेलन के मंच से बोले CM, कहा- अगले 5 साल में बिहार से बाहर नहीं जाएंगे मजदूर
परसियां में श्री लक्ष्मीनारायण चातुर्मास महायज्ञ एवं विराट धर्म सम्मेलन के पूर्णाहुति कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री, 1998के दौर की याद दिलाकर विपक्ष पर साधा निशाना
कैमूर:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कैमूर जिले के भभुआ प्रखंड अंतर्गत परसियां में आयोजित श्री लक्ष्मीनारायण चातुर्मास महायज्ञ एवं विराट धर्म सम्मेलन के अंतिम दिन पूर्णाहुति कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धार्मिक मंच से बिहार के पुराने हालात का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में ऐसा काम करना है कि बिहार के मजदूरों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े।
1998के दौर की दिलाई याद
विराट धर्म सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्ष1998के दौर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय लोग कहते थे कि यहां से आरा जाने पर रास्ते में डाकू मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने इस बयान के जरिए बिहार में उस दौर की कानून-व्यवस्था और परिस्थितियों को याद करते हुए विपक्ष पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार में ऐसा माहौल और रोजगार के अवसर तैयार करना उनकी प्राथमिकता है,जिससे राज्य के मजदूरों को काम की तलाश में बाहर नहीं जाना पड़े।
संतों का लिया आशीर्वाद,दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संतों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उन्होंने धर्म सम्मेलन में शामिल संतों का आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी,बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान,पूर्व मंत्री सह एमएलसी संतोष सिंह और भभुआ विधायक भरत बिंद समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
श्री लक्ष्मीनारायण चातुर्मास महायज्ञ एवं विराट धर्म सम्मेलन के अंतिम दिन पूर्णाहुति कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट,पुलिस अधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे,ताकि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री का बड़ा संदेश
धर्म सम्मेलन के मंच से मुख्यमंत्री ने बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाने और मजदूरों के पलायन को रोकने का लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने अगले पांच वर्षों में इस दिशा में काम करने की बात कही।
अब देखना होगा कि बिहार में रोजगार सृजन और पलायन रोकने को लेकर सरकार की योजनाएं किस तरह आगे बढ़ती हैं और मुख्यमंत्री का यह लक्ष्य जमीन पर किस हद तक उतर पाता है।
कैमूर से अजय सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।