JHARKHAND POLITICS
झारखंड के विकास का रोडमैप तैयार करेगी कांग्रेस, "THINK29" के जरिए 2029 के विजन पर होगा मंथन
रांची:झारखंड के विकास को नई दिशा देने और वर्ष 2029 तक राज्य के लिए एक दूरदर्शी विकास रोडमैप तैयार करने की पहल कांग्रेस ने की है. इसके तहत पार्टी की ओर से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इन कार्यक्रमों में राज्य के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, युवाओं के भविष्य और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी. कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे.
''THINK 29" के तहत विकास की संभावनाओं पर होगा मंथन
ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस की झारखंड इकाई की ओर से 'थिंक 29' के तहत विशेष व्याख्यान और संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम बीएनआर में आयोजित होगा. ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के झारखंड इंचार्ज आदित्य विक्रम जायसवाल और चेयरपर्सन ठाकुर जी के नेतृत्व में होने वाली इस संगोष्ठी में पेशेवरों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक ऐसा विकास रोडमैप तैयार करना है, जो राज्य की जरूरतों, स्थानीय संसाधनों और आम लोगों की अपेक्षाओं पर आधारित हो. इसमें इस बात पर विशेष चर्चा होगी कि झारखंड के प्राकृतिक और मानवीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर राज्य को आर्थिक रूप से कैसे मजबूत बनाया जा सकता है.
रोजगार, उद्योग और कृषि विकास पर रहेगा फोकस
संगोष्ठी में स्थानीय संसाधनों के आधार पर उद्योगों के विकास, युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, आदिवासी अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा. इसके अलावा सुशासन और महिला सशक्तिकरण को भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल किया जाएगा.
मंथन का एक अहम पहलू यह भी होगा कि राज्य की आर्थिक प्रगति में युवाओं, किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और पेशेवरों की भागीदारी किस तरह सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके.
महिला सशक्तिकरण पर अलग से होगी संगोष्ठी
वहीं, दूसरा कार्यक्रम अपराह्न चार बजे विद्या लाल वेंकट हॉल में आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम का मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण होगा. संगोष्ठी में स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ), सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिला सरोकारों से जुड़ी विशेषज्ञों की भागीदारी होगी. इसमें महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा विकास की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
वरिष्ठ नेताओं और नवनियुक्त पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
दोनों कार्यक्रमों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, मंत्रियों और ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है. आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि झारखंड के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों और प्राथमिकताओं को सामने लाना भी है. माना जा रहा है कि 'थिंक 29' और महिला सशक्तिकरण पर होने वाली संगोष्ठी के जरिए कांग्रेस राज्य के विकास, रोजगार सृजन और समावेशी आर्थिक समृद्धि को लेकर अपनी भावी दिशा तय करने की कोशिश करेगी.
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।