JHARKHAND NEWS
झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकार की मांग तेज, राज्यपाल से मिले लखपति कुमार साव
पेंशन,पहचान पत्र और नौकरी में आरक्षण की मांग को लेकर पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
रांची: झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की मांग को लेकर लखपति कुमार साव के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनकारियों की लंबित समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा और राज्य सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान लखपति कुमार साव ने झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग का स्थायी गठन करने, वास्तविक आंदोलनकारियों की पहचान प्रक्रिया जल्द पूरी करने और उन्हें पहचान पत्र एवं सम्मानजनक पेंशन देने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लाठियां खाईं, जेल की यातनाएं सहीं और अपना जीवन समर्पित किया, लेकिन आज भी कई आंदोलनकारी अपने अधिकारों से वंचित हैं।
नौकरी,शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र में चार प्रमुख मुद्दे उठाए। इनमें चिन्हितीकरण आयोग का स्थायी गठन, आंदोलनकारियों को पहचान पत्र एवं पेंशन, शहीद और दिवंगत आंदोलनकारियों के आश्रितों तथा जीवित आंदोलनकारियों के बच्चों को सरकारी नौकरी एवं शिक्षा में आरक्षण या विशेष प्राथमिकता और परिवारों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है।
लखपति साव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार की ओर से चिन्हितीकरण प्रक्रिया में की गई पहल की सराहना करते हुए कहा कि अभी कई प्रशासनिक कमियां दूर करने की जरूरत है।
वहीं, राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस विषय पर राज्य सरकार से बातचीत करेंगे और आवश्यक पहल का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में लखपति कुमार साव, विजय दत्त पिंटू, संदीप कुमार, अंकुश पांडे और दौलत कुमार साहू शामिल थे।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।