BREAKING NEWS
झारखंड की अदालतों को मिलेगा डिजिटल कवच, 35 करोड़ के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे सीजेआई
रांची:भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत आज झारखंड दौरे पर रहेंगे. अपने दौरे की शुरुआत वह देवघर से करेंगे, जहां सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एस चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. वहीं, झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
शिविर के दौरान पीड़ितों को मुआवजे के चेक वितरित किए जाएंगे. प्रोजेक्ट शिशु के लाभुकों को सहायता देने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 10 हजार से अधिक लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा. इसके अलावा सीजेआई डिजिटल माध्यम से पलामू और रांची जिले में विधिक सहायता क्लीनिकों का उद्घाटन करेंगे.
35 करोड़ की लागत से बना है डेटा सेंटर
देवघर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सीजेआई सूर्यकांत शाम 7:30 बजे रांची के धुर्वा स्थित झारखंड हाईकोर्ट पहुंचेंगे. यहां आयोजित समारोह में वह करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे. इस डेटा सेंटर को झारखंड हाईकोर्ट के साथ-साथ राज्य की अधीनस्थ अदालतों के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. इससे न्यायिक रिकॉर्ड की सुरक्षा, डिजिटल सूचनाओं की उपलब्धता और अदालती कामकाज में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा.
नई वेबसाइट और मोबाइल एप भी होगा लॉन्च
इस समारोह में हाईकोर्ट की नई आधिकारिक वेबसाइट, हाईकोर्ट और जिला अदालतों के लिए आईओएस मोबाइल एप तथा ऑनलाइन सर्टिफाइड कॉपी मॉड्यूल भी लॉन्च किया जाएगा. इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट की सुविधा शुरू होगी. इससे अधिवक्ता अपनी जरूरत के अनुसार मामलों की सूची देख सकेंगे.
न्यायिक अधिकारियों को मिलेगा एआई सॉफ्टवेयर
हाईकोर्ट के न्यायाधीश और कंप्यूटर एवं डिजिटाइजेशन कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस आनंद सेन के अनुसार, राज्य के सभी न्यायिक अधिकारियों को ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट और सुप्रीम टुडे एआई आधारित सॉफ्टवेयर भी उपलब्ध कराया जाएगा. इससे न्यायिक कार्यों में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा.
सीजेआई के दौरे और डेटा सेंटर के उद्घाटन समारोह को लेकर हाईकोर्ट में तैयारियां पूरी की जा रही हैं. हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस आनंद सेन ने तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. इस दौरान रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।