जी. कृष्णैया हत्याकांड
1994 में डीएम की हत्या से दहल गया था बिहार, आनंद मोहन को हुई थी फांसी की सजा, बाद में उम्रकैद
पटना : पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार की ओर से दी गई उनकी समयपूर्व रिहाई को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया है. कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद 1994 का चर्चित जी. कृष्णैया हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.
5 दिसंबर 1994 को हुई थी वारदात
जी. कृष्णैया 1985 बैच के आईएएस अधिकारी थे. घटना के समय वह गोपालगंज के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे. पांच दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की हत्या के बाद उसकी शवयात्रा निकाली जा रही थी. इसी दौरान डीएम जी. कृष्णैया की सरकारी गाड़ी उस रास्ते से गुजर रही थी. शवयात्रा में शामिल उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया. इस घटना में उनकी हत्या हो गई. मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था, जिसे अदालत ने सुनवाई के बाद सही पाया.
पहले फांसी, फिर उम्रकैद की सजा
इस मामले में अक्टूबर 2007 में निचली अदालत ने आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी. हालांकि, दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने मृत्युदंड को उम्रकैद में बदल दिया. अप्रैल 2023 में रिहाई से पहले आनंद मोहन 15 साल से अधिक समय जेल में रहे थे.
जेल मैनुअल में बदलाव से मिली थी रिहाई
अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल मैनुअल के नियम 481 में संशोधन किया था. इसके बाद ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर लगी रोक का प्रावधान हट गया. इसी बदलाव के बाद आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हुआ और 27 अप्रैल 2023 को वह सहरसा जेल से बाहर आए.
अब सुप्रीम कोर्ट ने इसी संशोधन को असंवैधानिक ठहराते हुए रिहाई रद्द कर दी है. साथ ही एक महीने में सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।