जन विश्वास यात्रा देख JCB ने दी सलामी
तेजस्वी यादव पर फूलों की बरसात, एक झलक देखने को बेचैन जनता
DESK : लालू यादव और राबड़ी देवी के छोटे बेटे और पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव इन दिनों जन विश्वास यात्रा के तहत कई जिलों में रोड शो कर रहे हैं। इसी क्रम में बीते दिन उन्होंने वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी होते हुए सुपौल पहुंचे। इस रोड शो के दौरान बिहार की आम जनता उनकी एक झलक देखने को उमड़ पड़ी। ऐसा लग रहा था जैसे विशाल जनसैलाब सड़क पर उमड़ पड़ा हो। वहीं कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने JCB पर चढ़ कर अपने चहेते नेता पर फूलों की बरसात भी की।
रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव का अलग ही रंग देखने को मिला, जब वे खुद रिपोर्टर बन गये और कशिश न्यूज़ पर ही यात्रा की रिपोर्टिंग शुरू कर दी। पूर्व डिप्टी सीएम ने कशिश न्यूज़ के रिपोर्टर अमित कुमार सिंह के हाथों से माइक अपने हाथों में ले ली और पूरे यात्रा के बारे में विस्तार से बताने लगे। तेजस्वी यादव के इस अंदाज को देखकर उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी हैरान रह गये। तेजस्वी यादव ने भोजपुरी में कहा कि भीड़ 'हुमच' के आइल बा...
इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि 3 मार्च को आप लोग पटना पहुंचिए। आप को लालू यादव ने बुलाया है। उन्होंने कहा कि हम बस आपका साथ मांगने आए है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को नौकरी देने की बात सबसे पहले किसने की थी। नीतीश कुमार को भाजपा ने हाइजेक कर लिया है। जो वे 17 साल में नहीं कर पाए वो हमने 17 महीने में बिहार के युवाओं को देने का काम किया है।
जन विश्वास यात्रा में लोग तेजस्वी की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखें। उन्हें देखने के लिए लोग सड़क किनारे के मकान व दुकान की छत पर चढ़ गये। जगह-जगह पर उनके काफिले पर पुष्प वर्षा की जा रही थी। जगह-जगह पर लोग उन्हें संबोधित करने के लिए कह रहे थे, लेकिन वे सभी को पटना में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने का न्योता देकर आगे बढ़ते रहे।
वहीं जनता का ऐसा प्यार देख यात्रा में मौजूद तेज प्रताप यादव काफी गदगद नजर आये। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि इंडिया गंठबंधन को मजबूत कर आगे बढ़ाना है और मेरे अर्जुन को हस्तिनापुर की गद्दी पर बैठाना है। इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि महुआ उनका पुराना क्षेत्र रहा है और रहेगा। यहां लोगों से उनका अटूट स्नेह है। इस दौरान उन्होंने 3 मार्च को पटना में होने वाली जन विश्वास रैली में आने का निमंत्रण देते हुए लोगों से कहा कि आप सभी आइयेगा जरूर लालू जी ने बुलाया है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।