BIG NEWS
जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर वसूली, यात्रियों की शिकायत पर आरपीएफ का एक्शन, दिघवारा में 6 सपेरे पकड़े गए
पटना: जनसेवा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे मांगना 6 सपेरों को भारी पड़ गया. रेलमदद पर मिली शिकायत के बाद आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए सभी छह लोगों को दिघवारा स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया. मामला पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल से जुड़ा है.
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या14618जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों के बीच सांप दिखाकर पैसे मांगने की शिकायत रेलमदद के माध्यम से मिली थी. शिकायत मिलने के बाद दिघवारा स्थित आरपीएफ सोनपुर आउटपोस्ट के उपनिरीक्षक शमशेर कुमार और सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार ने ट्रेन की निगरानी शुरू की.
छपरा स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद सामान्य कोच की जांच के दौरान छह लोग यात्रियों के बीच सांप दिखाकर पैसे मांगते मिले. आरपीएफ ने तत्काल उन्हें ऐसा करने से रोका और ट्रेन के अगले निर्धारित ठहराव दिघवारा स्टेशन पर सभी छह लोगों को उतार लिया.
पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने अपने नाम और पते की स्पष्ट जानकारी नहीं दी. उन्होंने निवास स्थान को लेकर अलग-अलग जानकारी दी, जिसमें लखनऊ और हिमाचल प्रदेश का भी उल्लेख किया गया. इसके बाद आरपीएफ ने उनके बताए नाम-पते का सत्यापन शुरू कर दिया है.
रेलवे ने मामले की जानकारी वन विभाग को भी दी है. संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सांप दिखाकर पैसे मांगने या ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलमदद अथवा आरपीएफ को दें. समय पर सूचना मिलने से ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई की जा सकती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।