BIHAR NEWS
जन सुराज प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती से कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल
पटना : जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ कथित बदसलूकी और हाथापाई की कोशिश का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा यह वीडियो एक कार के भीतर हुए विवाद से जुड़ा है. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है.
कार के किराये को लेकर विवाद का दावा
वायरल वीडियो में मनोज भारती कार में बैठे दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान कार की खिड़की के बाहर मौजूद एक व्यक्ति उनकी ओर हाथ बढ़ाता और उन्हें पकड़ने के साथ कपड़े खींचने की कोशिश करता नजर आ रहा है. इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोग उसे रोकने का प्रयास करते दिखाई देते हैं.
वीडियो में एक व्यक्ति बार-बार'मारपीट नहीं, मारपीट नहीं' कहता सुनाई देता है. घटनाक्रम के दौरान कथित तौर पर हाथापाई की कोशिश भी दिखाई देती है. हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
प्रसारित वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि विवाद जन सुराज पार्टी के काम में इस्तेमाल की गई कार के किराये के भुगतान को लेकर हुआ था. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पाटलिपुत्र थाने में दिया था आवेदन
बताया जा रहा है कि घटना के बाद मनोज भारती ने पाटलिपुत्र थाने में एक सूचनात्मक आवेदन दिया था. हालांकि, आवेदन में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग नहीं की गई थी. यह भी दावा किया जा रहा है कि कथित तौर पर बदसलूकी करने वाले व्यक्ति ने बाद में माफी मांग ली थी.
फिलहाल, पुराना वीडियो वायरल होने के बाद मामला फिर से चर्चा में है. घटना की परिस्थितियों, विवाद के कारण और वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।