BREAKING NEWS
जमुई: सिकंदरा में बिजली तार चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में उपकरण बरामद
पोहे रोड पर बिजली के पोल से तार और सामान चोरी करने का मामला,जिला आसूचना इकाई की मदद से पुलिस को मिली सफलता
जमुई:बिहार के जमुई जिले में बिजली के तार और उपकरणों की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के पोहे रोड में बिजली विभाग के पोल से तार और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार,मोहम्मद आलम और मुकेश साह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए बिजली के तार समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने ऐसे किया मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार,सिकंदरा थाना क्षेत्र के पोहे रोड पर बिजली विभाग के पोल से तार और अन्य उपकरणों की चोरी की घटना सामने आई थी। मामले में सिकंदरा थाना कांड संख्या के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS)की धारा303(2)में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,जमुई के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। सिकंदरा थाना पुलिस ने जिला आसूचना इकाई (DIU)की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया।
चोरी के तार और बिजली के कई उपकरण बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से बिजली विभाग से संबंधित कई उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में शामिल हैं:
- चोरी किए गए बिजली के तार
- डिस्क इंसुलेटर और पोस्ट इंसुलेटर
- सस्पेंशन क्लैंप और डेड एंड क्लैंप
- पीजी क्लैंप और ग्लैबर
- आई हुक क्लैंप
- एलटी बस बार (LT Bus Bar)
- 8किलो कंडक्टर
- 20फीट एबी केबल (AB Cable)
पुलिस के अनुसार,बरामद सामान बिजली आपूर्ति व्यवस्था में इस्तेमाल होने वाले उपकरण हैं। मामले में चोरी के अन्य सामान और संभावित सहयोगियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा सकती है।
गिरफ्तार आरोपियों को भेजा जाएगा न्यायिक हिरासत में
इस मामले में राहुल कुमार,मोहम्मद आलम और मुकेश साह को गिरफ्तार किया गया है। वहीं आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
जमुई पुलिस की इस कार्रवाई से बिजली विभाग के उपकरणों की चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।