BIHAR NEWS
जमुई सांसद अरुण भारती पहुंचे गया के खिजरसराय, कुड़वां और पथरा गांव में पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार की दी आर्थिक सहायता
गया जी: जिले के खिजरसराय प्रखंड के कुड़वां और पथरा गांव में हुई अलग-अलग घटनाओं को लेकर लोजपा (रा.) से जमुई के सांसद अरुण भारती पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. पार्टी नेताओं के साथ पहुंचे सांसद ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान पार्टी की ओर से दोनों परिवारों को50-50हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए गए.
इस मौक़े पर सांसद अरुण भारती ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने और सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध कराने का समय है. परिजनों ने सांसद को बताया कि घटना के बाद वह पहले नेता हैं, जो उनके बीच पहुंचकर उनका हाल जानने आए हैं.
वहीं जमुई की नाबालिग से जुड़ी घटना पर सांसद ने बताया कि डीएम,एसपी और डीआईजी से लगातार जानकारी ली जा रही है. उनके अनुसार,पुलिस ने48घंटे के भीतर आठ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने निष्पक्ष जांच,सभी साक्ष्य जुटाने और मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की मांग की,ताकि अदालत से दोषियों को सख्त सजा मिल सके.
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए.
वहीं आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के योगदान का उल्लेख करते हुए सभी वर्गों को उचित अधिकार देने की बात कही.
उन्होंने कुड़वां निवासी अजय मांझी की मौत और पथरा निवासी ललिता देवी की मौत से जुड़े मामलों में जांच व कार्रवाई की मांग की है.
बता दें कि कुछ दिन पहले कुड़वां निवासी अजय मांझी की अज्ञात लोगों ने पीट पीटकर हत्या कर दी. मृतक ईंट भट्टे पर काम करते थे. वहीं दूसरे घटना में पथरा निवासी ललिता देवी की अज्ञात लोगों ने घर में घुस कर दुष्कर्म की कोशिश करते हुए मारपीट की जिससे महिला की मौत हो गई. इसी को लेकर सांसद अरुण भारती दोनों मृतक के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे थे.
गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।