जमुई छात्र-छात्रा से बदसलूकी पर तेजस्वी का हमला
CM सम्राट से इस्तीफे की मांग, सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
पटना: जमुई में छात्र-छात्रा से बदसलूकी की घटना को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग की है. मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि घटना के बाद बिहार शर्मसार हो रहा है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है.
तेजस्वी ने एनडीए के कुछ नेताओं और मंत्रियों के बयानों पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के कुछ लोग घटना को छोटी-मोटी बात बताकर सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं. तेजस्वी ने मुख्यमंत्री से पद छोड़ने की मांग दोहराई.
यह मामला 19 सितंबर का है. पुलिस के अनुसार,एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्र और छात्रा के साथ सड़क पर बदसलूकी की गई थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई तेज की है.
मामले की जांच अब सीआईडी की कमजोर वर्ग शाखा की विशेष टीम कर रही है. पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. वहीं,पुलिस ने जल्द चार्जशीट दाखिल करने और मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही है. आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि अपराधी की कोई जात नहीं होती और पुलिस को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।