BIHAR NEWS
IHM बोधगया में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, छात्रों को सिखाए आग से बचाव के तरीके
बोधगया: पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर गयाजी और बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसी कड़ी में अग्निशमन विभाग की ओर से बोधगया स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM)में मॉक ड्रिल कराई गई.
मॉक ड्रिल के दौरानIHMके छात्रों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई. छात्रों को बताया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय खुद को सुरक्षित रखते हुए होटल में मौजूद मेहमानों को भी सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए.
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ज्योति प्रकाश ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य छात्रों को सिर्फ आग से बचाव की जानकारी देना नहीं,बल्कि उन्हें आपात स्थिति से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है. प्रशिक्षण के दौरान आग लगने पर बचाव के तरीके,लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी दी गई.
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर आग से बचाव के विभिन्न उपायों का प्रदर्शन भी किया. छात्रों को यह समझाया गया कि आग लगने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और सही तरीके से की गई कार्रवाई से बड़े नुकसान को रोका जा सकता है.
वहीं,पितृपक्ष मेला 2026 के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने गया और बोधगया में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. मेला अवधि के दौरान अतिरिक्त अग्निशमन कर्मियों और वाहनों की तैनाती की जाएगी,ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा सके.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट --
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।