BIG BREAKING
IAS संजय कुमार सिंह बन सकते हैं CM के प्रधान सचिव, सम्राट चौधरी ने बुलाया, नीतीश के करीबी अधिकारी पर टिकी निगाहें
पटना : बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव की चर्चाओं के बीच IAS संजय कुमार सिंह का नाम सुर्खियों में है. ओडिशा कैडर के 1997 बैच के IAS अधिकारी संजय कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का प्रधान सचिव बनाया जा सकता है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री ने उन्हें बुलाया है. हालांकि, उनकी नियुक्ति को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
संजय कुमार सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी अधिकारी माना जाता है. ऐसे में उनकी संभावित नियुक्ति को बिहार की नई सरकार में प्रशासनिक अनुभव और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं.
अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया अहम
संजय कुमार सिंह फिलहाल ओडिशा कैडर केIASअधिकारी हैं. उन्हें बिहार कैडर में लाने के लिए अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इस संबंध में केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 22 अक्टूबर 2026 को ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव से जानकारी मांगी है.
केंद्र ने अधिकारी की सतर्कता स्थिति और नवीनतम संपत्ति विवरण (IPR)से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है. इन जानकारियों के आधार पर प्रतिनियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है. हालांकि,जानकारी मांगे जाने का अर्थ प्रतिनियुक्ति को मंजूरी मिलना नहीं है.
बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के प्रभाव और कुर्मी-कुशवाहा सामाजिक समीकरण को लेकर भी चर्चा होती रही है. ऐसे में संजय कुमार सिंह की संभावित नियुक्ति को कुछ राजनीतिक विश्लेषक इसी व्यापक संदर्भ में देख रहे हैं. हालांकि,नियुक्ति के पीछे यही कारण है,इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल सबकी निगाहें मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं. यदि संजय कुमार सिंह को प्रधान सचिव बनाया जाता है,तो यह सम्राट चौधरी सरकार के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव होगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।