BREAKING NEWS
हज हाउस में नवंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी अल्पसंख्यक छात्रों के लिए कोचिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी आसान
रांची: राजधानी रांची के कडरू स्थित हज हाउस में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से कोचिंग सेंटर शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना-2024 के तहत इस कोचिंग सेंटर की शुरुआत नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। हज हाउस की पांचवीं मंजिल पर इसकी व्यवस्था की गई है।
कोचिंग सेंटर शुरू होने से अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम होगी। इससे विद्यार्थियों के समय और आर्थिक खर्च में भी बचत होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के समय के अनुसार होगा उद्घाटन
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने बताया कि कोचिंग सेंटर के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से1नवंबर से6नवंबर के बीच किसी दिन का समय निर्धारित किए जाने की बात कही गई है।
मंत्री के अनुसार,मुख्यमंत्री जिस दिन उद्घाटन के लिए समय देंगे,उसी दिन कोचिंग सेंटर की शुरुआत कर दी जाएगी। इसके बाद हज हाउस में लाइब्रेरी शुरू करने की भी योजना है।
अब राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा: इरफान अंसारी
मंत्री इरफान अंसारी ने कोचिंग सेंटर की शुरुआत को लेकर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि पहले भी इसे शुरू करने के कई प्रयास किए गए थे,लेकिन कुछ कारणों से यह संभव नहीं हो पाया। अब मंत्री हफीजुल हसन के प्रयास से इसकी शुरुआत होने जा रही है,जो बधाई योग्य है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विद्यार्थियों को अपने राज्य में ही तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
कोचिंग के बाद लाइब्रेरी शुरू करने की भी योजना
हज हाउस की पांचवीं मंजिल पर कोचिंग सेंटर की शुरुआत के बाद लाइब्रेरी भी शुरू की जाएगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना-2024के तहत प्रस्तावित यह पहल विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। फिलहाल उद्घाटन की अंतिम तारीख मुख्यमंत्री की ओर से समय निर्धारित किए जाने के बाद स्पष्ट होगी।
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।