JHARKHAND NEWS
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकली प्रभात फेरी, वाहेगुरु के जयकारों से गूंजा पिस्का मोड़
कृष्णा नगर कॉलोनी से श्रद्धालुओं ने निकाली प्रभात फेरी, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल; 22 नवंबर को गुरुद्वारा मैदान में सजेगा विशेष दीवान, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे मुख्य अतिथि
रांची: सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राजधानी रांची में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में कृष्णा नगर कॉलोनी से श्रद्धालुओं द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी कृष्णा नगर कॉलोनी से शुरू होकर पिस्का मोड़ तक पहुंची। इस दौरान पूरा क्षेत्र वाहेगुरु के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान करते आगे बढ़े। रास्ते भर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रभात फेरी के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
शुक्रवार को रोड गुरुद्वारा पहुंचेगी सभी प्रभात फेरियां
प्रकाश पर्व को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों से लगातार प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। शुक्रवार को रांची शहर की सभी प्रभात फेरियां रोड गुरुद्वारा पहुंचेंगी, जहां इनका समापन होगा। इस दौरान संगत के बीच धार्मिक उत्साह और उल्लास देखने को मिलेगा।
22 नवंबर को सजेगा विशेष दीवान, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 22 नवंबर को गुरुद्वारा मैदान में विशेष दीवान सजाया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। इस धार्मिक आयोजन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रकाश पर्व को लेकर सिख समाज में विशेष उत्साह है। गुरुद्वारों में धार्मिक आयोजन और प्रभात फेरियों के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।