Live

BIHAR CRIME

गोपालगंज में मिला युवक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका; एक युवक हिरासत में

D
Deepak Kumarलेखक

गोपालगंज:बिहार के गोपालगंज जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। कटेया थाना क्षेत्र के भागी पट्टी गांव में मंदिर के पास स्थित बगीचे से युवक का शव बरामद किया गया। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान होने की बात सामने आई है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए प्रेमिका के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

घर से300 मीटर दूर बगीचे में मिला शव

मृतक की पहचान भागी पट्टी गांव निवासी राजा राम के पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार,बुधवार सुबह घर से करीब300मीटर की दूरी पर मंदिर के बगल स्थित बगीचे में आकाश का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।

दोस्तों का फोन आने के बाद घर से निकला था आकाश

परिजनोंने बताया किमंगलवार रात करीब10बजे आकाश के मोबाइल पर उसके कुछ दोस्तों का फोन आया था। फोन आने के बाद वह घर से बाहर निकला,लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह बगीचे में उसका शव मिलने की सूचना से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या की जताई आशंका

परिजनों का आरोप है कि आकाश के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। उन्होंने दावा किया कि उसके शरीर को ईंट से कुचला गया और संवेदनशील अंगों पर भी चोट पहुंचाई गई। परिवार ने प्रेम प्रसंग को घटना की संभावित वजह बताते हुए प्रेमिका के परिजनों पर हत्या कर शव बगीचे में फेंकने का आरोप लगाया है।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि इससे पहले प्रेमिका पक्ष के लोगों ने आकाश के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि,इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंगलवार रात आकाश किन लोगों से मिलने गया था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें