Hindi News / पुलिस का फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

गोपालगंज में नीट आंदोलन से पहले हाई अलर्ट! : पुलिस का फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Edited By:  |
gopalganj mai neet aandolan se pahle high alert!

गोपालगंज : जिले में नीट छात्रों के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गुरुवार को सदर एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस और सुरक्षा बलों ने जिला मुख्यालय के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला. फ्लैग मार्च के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई. पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रस्तावित नीट छात्र आंदोलन को देखते हुए जिला मुख्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. सदर एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में नगर इंस्पेक्टर प्रवीण प्रभाकर सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे. फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इसका उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के कोई भी पोस्ट, फोटो या वीडियो साझा न करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. यदि कोई व्यक्ति भ्रामक सूचना फैलाने, लोगों को उकसाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन का कहना है कि आंदोलन के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं और हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है. सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा. जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-