Live

BREAKING NEWS

गोपालगंज के डुमरिया घाट को मिलेगा पर्यटन स्थल के रूप में पहचान, शिक्षा मंत्री ने नारायणी रिवर फ्रंट का किया निरीक्षण

D
Deepak Kumarलेखक

वाटर पार्क से लेकर नक्षत्र वाटिका और नारायणी एक्सप्रेस-वे तक की योजनाओं की समीक्षा,अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समय पर काम पूरा करने का निर्देश
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध डुमरिया घाट को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसको लेकर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने नारायणी रिवर फ्रंट पर चल रही और प्रस्तावित विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

नारायणी रिवर फ्रंट पर विकास योजनाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने डुमरिया घाट पर प्रस्तावित विद्युत शवदाह गृह और निर्माणाधीन मल्टीपर्पस सामुदायिक भवन का जायजा लिया। इसके साथ ही नक्षत्र वाटिका, नवग्रह वाटिका और मोक्ष वाटिका की योजनाओं की भी समीक्षा की। मंत्री ने वाटर पार्क, नारायणी नदी की सुरक्षा के लिए प्रस्तावित प्रोटेक्शन वॉल और नारायणी एक्सप्रेस-वे समेत अन्य विकास योजनाओं की स्थिति के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं का होगा विकास
निरीक्षण के दौरान मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि डुमरिया घाट को धार्मिक आस्था, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के लिहाज से एक भव्य केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से डुमरिया घाट की पहचान राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

स्थानीय लोगों के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
मंत्री के अनुसार, नारायणी रिवर फ्रंट और इससे जुड़ी विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। इन योजनाओं से बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ पूरे गोपालगंज जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

डुमरिया घाट को नई पहचान देने की तैयारी
सरकार की इन महत्वाकांक्षी योजनाओं के जरिए डुमरिया घाट को धार्मिक पर्यटन और आधुनिक पर्यटक सुविधाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद चल रही है। नारायणी नदी के किनारे प्रस्तावित सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से इस क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। अब इन योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन की गति पर सबकी नजरें टिकी हैं।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें