BIHAR CRIME
गयाजी में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार; घर में ट्रंक से लेकर फ्रिज तक छिपाकर रखी थी शराब
नोवागढ़ी मोहल्ले में विष्णुपद पुलिस की कार्रवाई,शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
गयाजी: बिहार के गयाजी में शराबबंदी कानून के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। विष्णुपद थाना क्षेत्र के नोवागढ़ी मोहल्ले में एक घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गई शराब जब्त की। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
ट्रंक,बर्तनों और फ्रिज में छिपाकर रखी गई थी शराब
जानकारी के अनुसार, पुलिस को नोवागढ़ी मोहल्ले के एक घर में विदेशी शराब छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान शराब को एक ही कमरे में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा हुआ पाया गया। कुछ शराब ट्रंक के अंदर रखी गई थी, जबकि कुछ बर्तनों और अन्य घरेलू सामानों के बीच छिपाई गई थी। इसके अलावा फ्रिज से भी शराब बरामद हुई। पुलिस ने सभी जगहों से शराब जब्त कर ली।
एक आरोपी गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट आनंद ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। वहीं,अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले में शामिल पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शराब की मात्रा और कीमत का आकलन जारी
फिलहाल पुलिस बरामद विदेशी शराब की कुल मात्रा और बाजार मूल्य का आकलन कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
विष्णुपद थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अब जांच के बाद ही शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।