BIHAR NEWS
गयाजी में पितृ दीपावली का आयोजन, पितरों के निमित्त श्रद्धालुओं ने जलाए दीप
गयाजी: महालया पर्व के दौरान गया धाम में पितृपक्ष का धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है. इसी क्रम में त्रयोदशी तिथि पर विष्णुपद मंदिर परिसर एवं फल्गु नदी तट पर पितृ दीपावली का आयोजन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के निमित्त दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए.
आयोजकों के अनुसार पितृ दीपावली के माध्यम से पितरों को प्रकाश अर्पित करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार दीप के प्रकाश से पितरों को पितृऋण से मुक्ति और परमधाम की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है.
स्थानीय पुरोहित स्वामी वेंकटेश ने बताया कि पितृ दीपावली में केवल पिंडदान करने वाले श्रद्धालु ही नहीं,बल्कि ब्राह्मण,ब्रह्मचारी और वैदिक पाठ करने वाले लोग भी शामिल हुए. वैदिक मंत्रोच्चार और वेद पाठ के बीच श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर अपने पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की. देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी पितृदीपावली में हिस्सा लिया.
श्रद्धालु कल्पना कनूजा ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 15-16 दिनों से गया में पिंडदान के लिए मौजूद हैं. उन्होंने पहली बार पितृ दीपावली में शामिल होकर अपने पितरों के निमित्त दीप अर्पित किए.
पितृ दीपावली के दौरान विष्णुपद मंदिर परिसर और फल्गु तट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर अपने पूर्वजों के प्रति आस्था और श्रद्धा प्रकट की.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।