Live

BIG NEWS

गयाजी में दारोगा पुत्र हत्याकांड के दो आरोपी मुठभेड़ में घायल, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई कार्रवाई

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

गयाजी : बिहार के गयाजी में दरोगा के बेटे रानू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार देर रात करीब दो बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भिक्षा गांव में पुलिस और हत्याकांड के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी. घायलों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ कला के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गया के एसएसपी सुशील कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.


पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में भिक्षा गांव में पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद मुठभेड़ हुई. मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है.


19 अक्टूबर की रात हुई थी वारदात


दरअसल, 19अक्टूबर2026की रात गया के मानपुर स्थित सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में अपराधियों ने दारोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों पर गोलीबारी की थी. सुधांशु शेखर फिलहाल मोतिहारी में दरोगा के पद पर तैनात हैं. इस हमले में उनके30वर्षीय छोटे बेटे रानू सिंह की मौत हो गई थी, जबकि32वर्षीय बड़े बेटे मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.


पुराने विवाद की आशंका, जांच जारी


परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया था. शुरुआती जांच में पुराने विवाद और जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद की आशंका सामने आई थी. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.


हत्याकांड के बाद गया पुलिस और एसटीएफ आरोपियों की तलाश में जुटी थी. पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी. अब मुठभेड़ में दो अन्य आरोपियों के घायल होने के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह, साजिश और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें