BIHAR NEWS
गयाजी के कुजापी में दिखेगी वृंदावन के प्रेम मंदिर की झलक, भव्य पंडाल देखने उमड़ेंगे श्रद्धालु
गयाजी : शारदीय नवरात्र के अवसर पर गया जिले के कुजापी गांव में इस बार श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की झलक देखने को मिलेगी. करीब 70 वर्षों से चली आ रही पूजा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवयुग कला परिषद प्रेम मंदिर की थीम पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण करा रही है. पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं. रंगीन रोशनी और कलात्मक सजावट इसकी भव्यता में चार चांद लगाएगी.
महासप्तमी को पट खुलने के साथ ही पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. कुजापी के अलावा पंचानपुर, कोच, मानपुर, पटवा टोली और शहर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे. श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ पंडाल की भव्यता का आनंद ले सकेंगे.
हर साल अलग थीम पर बनता है पंडाल
नवयुग कला परिषद की ओर से हर वर्ष पूजा पंडाल को विशेष स्वरूप दिया जाता है. पिछले दो वर्षों में वैष्णो देवी की थीम पर गुफा का निर्माण कराया गया था, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इस बार प्रेम मंदिर की थीम चुनी गई है.
सामूहिक प्रयास से हो रही तैयारी
परिषद के अध्यक्ष राजेश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां चल रही हैं. रवि कुमार, पप्पू कुमार, राजेश कुमार, शुभम कुमार, मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार और लड्डू केलवे समेत दर्जनों सदस्य व्यवस्था में जुटे हैं.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।