BIG NEWS
गयाजी एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए सालभर सीधी उड़ान शुरु, CM सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन दिखाई हरी झंडी
गयाजी : बिहार के अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में सोमवार को एक नई शुरुआत हुई. गयाजी एयरपोर्ट से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हो गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीएम हाउस से ऑनलाइन माध्यम से इस विमान सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
इस सेवा की शुरुआत के साथ ही गयाजी एयरपोर्ट से पहली बार इंडिगो एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हुई है. अब बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को सीधी विमान सेवा का लाभ मिलेगा. खास बात यह है कि यह सेवा केवल पर्यटन सीजन तक सीमित नहीं रहेगी,बल्कि सालभर उपलब्ध रहेगी. इससे पहले गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान मुख्य रूप से पर्यटन सीजन के दौरान पांच से छह महीने तक ही उपलब्ध रहती थी.
सप्ताह में दो दिन मिलेगी उड़ान की सुविधा
इंडिगो की यह नॉन-स्टॉप उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन,प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी. विमान में कुल 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. पहले दिन की उड़ान के लिए 33 सीटों की बुकिंग हुई. वहीं,बैंकॉक से 56 यात्री गयाजी एयरपोर्ट पहुंचे.
इस विमान सेवा के शुरू होने से बौद्ध धर्मावलंबियों,विदेशी पर्यटकों,कारोबारियों और थाईलैंड आने-जाने वाले अन्य यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. बोधगया में हर साल बड़ी संख्या में थाईलैंड समेत विभिन्न देशों से बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में सीधी उड़ान से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है.
उद्घाटन के मौके पर कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद
उड़ान सेवा के शुभारंभ के अवसर पर गयाजी एयरपोर्ट परिसर स्थित मीटिंग हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर,एडीएम परितोष कुमार,विधायक मनोरमा देवी,विधायक दीपा कुमारी,इंडिगो एयरलाइंस के पायलट और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
गयाजी से बैंकॉक के लिए सालभर सीधी उड़ान की शुरुआत को गया और बोधगया के पर्यटन,अंतरराष्ट्रीय संपर्क और यात्रियों की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।