Live

BIG NEWS

गयाजी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच में खुला राज! हैंडबैग से मिला 110 ग्राम संदिग्ध सोना, कोलकाता से यात्री हिरासत में

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

गया जी : गयाजी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंडबैग से करीब 110 ग्राम वजन की संदिग्ध सुनहरी धातु मिलने से हड़कंप मच गया. बिस्कुट के आकार की इस धातु को लेकर यात्री वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ ने आयकर विभाग को सूचना दी. इसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचते ही संबंधित यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ और जांच शुरू की गई.

जानकारी के अनुसार,यात्री इंडिगो की घरेलू उड़ान से गया से कोलकाता जाने वाला था. विमान में सवार होने से पहले एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में उसके हैंडबैग की एक्स-रे स्क्रीनिंग की जा रही थी. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान की नजर बैग में रखी संदिग्ध वस्तु पर पड़ी. बैग को अलग कर जांच की गई तो उसमें बिस्कुट के आकार की सुनहरे रंग की धातु बरामद हुई.

सीआईएसएफ ने गया से कोलकाता तक किया अलर्ट

संदिग्ध धातु के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर सीआईएसएफ की क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने मामले की सूचना गया और पटना के आयकर अधिकारियों को दी. साथ ही कोलकाता एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया,ताकि विमान के पहुंचने के बाद यात्री के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.

विमान के कोलकाता पहुंचने पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर जांच आगे बढ़ाई. अब बरामद धातु की वास्तविक पहचान,उसके स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.

फिलहाल 110 ग्राम की इस संदिग्ध सुनहरी धातु को सोना मानकर अंतिम पुष्टि नहीं की गई है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद धातु वास्तव में सोना है या कोई अन्य धातु तथा मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें