दर्दनाक सड़क हादसा
गया में बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से चाचा-भतीजे की मौत, घटना से परिजनों में मातम
गयाजी: बड़ी खबर बिहार के गया जिले से है जहां एयरपोर्ट के समीप सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद पुलिस ने दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.
जानकारी के अनुसार,दोनों बाइक से बोधगया की ओर से लौट रहे थे. इसी दौरान गया एयरपोर्ट के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा रात में हुआ,लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी अगले दिन सुबह मिली. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई,फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
मृतकों के दोस्त धीरज कुमार ने बताया कि रात में दोनों से संपर्क करने की कोशिश की गई थी,लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया. इसके बाद सुबह डायल 112 की पुलिस टीम ने हादसे की सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिजन अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे,जहां दोनों की मौत हो चुकी थी.
धीरज कुमार ने आशंका जताई कि यदि दुर्घटना के बाद दोनों को समय पर मदद मिल जाती और अस्पताल पहुंचा दिया जाता,तो शायद उनकी जान बच सकती थी. हालांकि,दुर्घटना के बाद उन्हें कितनी देर तक मदद नहीं मिली,इस संबंध में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया . वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है. चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से बड़ेला गांव और उनके परिवार में शोक की लहर है. घटना से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतकों की पहचान बिमलेश (28 वर्ष) और रॉकी रॉय (25 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से परैया प्रखंड के बड़ेला गांव के रहने वाले थे. गया शहर के हनुमान नगर के पास भी उनका घर बताया जा रहा है.
गया से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।