गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा : वैशाली में एसपी के आदेश पर छापेमारी, 15 गैस सिलेंडर और अवैध गैस कार्ड बरामद
वैशाली : बिहार के वैशाली में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा हुआ है. एसपी को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने बेलसर थाना क्षेत्र के मौना गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और अवैध गैस कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है.
वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के मौना गांव की है, जहां घरेलू गैस सिलेंडर की खुलेआम कालाबाजारी की जा रही थी. बताया जा रहा है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलने वाले गैस सिलेंडर को अवैध तरीके से ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था. वैशाली एसपी विक्रम सिहाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मौना गांव में 2100 रुपये से लेकर 5100 रुपये तक में गैस सिलेंडर बेचे जा रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर महुआ एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर मौना गांव निवासी लुट्टू चौधरी के घर पहुंची. यहां टीम ने गैस सिलेंडर की मांग की तो अलग-अलग कीमत बताई गई. जैसे ही पुलिस को कालाबाजारी की पुष्टि हुई, टीम ने तुरंत घर में छापेमारी कर दी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6 भरे हुए और 9 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए. इसके अलावा भारी मात्रा में अवैध गैस कार्ड भी जब्त किए गए हैं. पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी सूचना बेलसर प्रखंड के अंचल अधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दी. इसके बाद जिला प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई.
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह सिर्फ एक घर तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा नेटवर्क इलाके में सक्रिय हो सकता है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडर और गैस कार्ड कहां से लाए जा रहे थे और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं. फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त कार्रवाई करते हुए पूरे रैकेट की जांच में गईं हैं.
वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--