Live

BIG BREAKING

गंगा स्नान करने जा रहे परिवार के साथ भीषण सड़क हादसा, दंपति समेत तीन की मौत, तीन गंभीर

D
Deepak Kumarलेखक

कटिहार: बिहार के कटिहार में शुक्रवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दंपति समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर नारायणपुर के समीप सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े खराब बालू लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, कटिहार के बैगना निवासी एक परिवार के सदस्य और उनके पड़ोस में रहने वाले लोग कार से मनिहारी गंगा स्नान के लिए निकले थे। सभी लोग गंगा स्नान को लेकर उत्साहित थे, लेकिन नारायणपुर के पास उनकी खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर सड़क किनारे खराब हालत में खड़े बालू लदे ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कार में सवार लोगों की हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद शुरू की। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दंपति समेत तीन लोगों की गई जान
इस भीषण हादसे में मृतकों की पहचान 68 वर्षीय शम्भू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और पड़ोस में रहने वाली मंजू रानी साह (पति इंदु साह) के रूप में हुई है। तीनों कटिहार शहर के बैगना इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। एक ही सफर में तीन लोगों की मौत से परिवार और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।

पांच साल की बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान सत्यम उर्फ रुद्र (14 वर्ष), हर्षिता कुमारी (5 वर्ष) और गोलू कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. राकेश परासर ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तीनों को कटिहार रेफर कर दिया गया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
हादसे की सूचना के बाद संबंधित प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था सक्रिय हुई। तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, घायलों का इलाज जारी है।

गंगा स्नान की खुशी मातम में बदली
गंगा स्नान के लिए निकले परिवार के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस यात्रा की शुरुआत धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ हुई थी, वह कुछ ही पलों में परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गई। हादसे में दंपति समेत तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें