गंगा नदी में बड़ा हादसा टला : बीच धारा में खराब हुई यात्रियों से भरी नाव, SDRF ने बचाई 100 से ज्यादा जानें
भागलपुर:बिहार के भागलपुर में गंगा नदी के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरी नाव बीच धारा में खराब हो गई. नाव बरारी गंगा घाट से महादेवपुर गंगा घाट जा रही थी. इसी दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और नाव बीच गंगा में ही रुक गई. इसके बाद सूचना मिलते हीSDRFकी टीम मौके पर पहुंच कर सभी को बचाया.
बताया जा रहा है कि बरारी गंगा घाट से महादेवपुर गंगा घाट जा रही नाव शुक्रवार को अचानक बीच गंगा में रुक गई. नाव पर करीब 50 से ज्यादा लोग सवार थे. इनमें महिलाएं, बच्चे और मरीज भी शामिल थे. नाव के बीच नदी में फंसते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. लोग घबराकर मदद की गुहार लगाने लगे. घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. SDRF जवानों ने काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. वहीं नाव पर सवार लोगों ने बताया कि अचानक इंजन बंद होने से सभी लोग काफी डर गए थे. खासकर मरीजों और बच्चों के परिजन काफी सहमे हुए थे.
संवाददाता रवि आर्यन की रिपोर्ट-