Live

BIHAR NEWS

गंगा के ऊपर पटना-सोनपुर रोपवे की तैयारी, मरीन ड्राइव से हरिहरनाथ मंदिर तक सात किलोमीटर सफर, पांच महीने में काम शुरू होने की घोषणा

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना: बिहार में गंगा के ऊपर पटना और सोनपुर को जोड़ने वाले प्रस्तावित रोपवे को लेकर बड़ी घोषणा हुई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार इन्वेस्टर मीट के दौरान कहा कि पटना-सोनपुर रोपवे का निर्माण कार्य अगले पांच महीने में शुरू होगी. करीब सात किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित रोपवे के जरिए पटना के मरीन ड्राइव क्षेत्र को सोनपुर के प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर से जोड़ने की योजना है.

प्रस्तावित रोपवे गंगा नदी के ऊपर से गुजरेगा. इसके बनने के बाद पटना से सोनपुर जाने वाले लोगों को सड़क और पुल के अलावा एक नया परिवहन विकल्प मिल सकेगा. खास तौर पर हरिहरनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और सोनपुर पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक,इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा. सरकार बिहार में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दे रही है. पटना-सोनपुर रोपवे को इसी व्यापक योजना का हिस्सा बताया गया है.

मुख्यमंत्री पहले भी श्रावणी मेला के उद्घाटन के दौरान पटना और सोनपुर के बीच रोपवे की योजना का जिक्र कर चुके हैं. अब इन्वेस्टर मीट में इसके निर्माण कार्य को अगले पांच महीने में शुरू करने की बात सामने आई है.

बिहार में गंगा पर रोपवे की एक और योजना भी प्रस्तावित है. भागलपुर में सुल्तानगंज के अजगैवीनाथ धाम को अगुवानी गंगा घाट से जोड़ने वाले रोपवे की योजना पर भी चर्चा हो चुकी है.

फिलहाल पटना-सोनपुर रोपवे की लागत,स्टेशनों की संख्या और विस्तृत तकनीकी स्वरूप से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है. प्रस्तावित परियोजना के आगे बढ़ने के साथ इन पहलुओं पर तस्वीर साफ होगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें