गंडक नदी में अचानक बढ़ सकता है जलस्तर : पश्चिम चंपारण में बाढ़ का खतरा, निचले इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह
बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी के जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. समाहरणालय,बेतिया की जिला आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्राप्त सूचना के अनुसार चीन में डैम टूटने के कारण नेपाल स्थित नारायणी नदी में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की जानकारी मिली है. इसके प्रभाव से नेपाल से सटे पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की संभावना जताई गई है.
प्रशासन के अनुसार गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे प्रखंडों के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. संभावित खतरे को देखते हुए नदी के आसपास और निचले स्तर वाले क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को सतर्क रहने की अपील की गई है.
जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोग तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं. साथ ही किसी भी व्यक्ति को तत्काल नदी के किनारे नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है.
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क करने की अपील की है. जिला प्रशासन ने कहा है कि आपदा संबंधी सहायता के लिए टीम 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध है.
आपात स्थिति में 06254-247002,06254-247003 अथवा मोबाइल नंबर 8757547904 पर संपर्क किया जा सकता है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--