BIHAR NEWS
गंडक में बाढ़ से नीतीश चिंतित, रत्नेश सदा को प्रभावित जिलों में हरसंभव राहत और बचाव सुनिश्चित करने का निर्देश
पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंडक नदी में आई बाढ़ को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
03 अक्टूबर को 7,सर्कुलर रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में नीतीश कुमार ने नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी में आई बाढ़ को लेकर आपदा प्रबंधन मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की. इस दौरान जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा,ग्रामीण विकास मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार,विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय गांधी समेत अन्य नेता मौजूद रहे.
नीतीश कुमार ने कहा कि नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक नदी में आई बाढ़ और तटबंध टूटने से सारण समेत छह जिलों के करीब ढाई सौ गांव और तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य की अन्य नदियां भी उफान पर हैं. ऐसी स्थिति में प्रभावित लोगों को सरकार से विशेष तत्परता की अपेक्षा रहती है.
आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने नीतीश कुमार को सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी. इस पर नीतीश कुमार ने संतोष व्यक्त किया और राहत कार्यों में और तेजी लाने पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का होता है. उन्होंने सरकार से आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखने को कहा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।