BIG NEWS
ईडी के सामने पेश हुए आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह, दाल खरीद-बिक्री मामले में पूछताछ
पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय में पेश हुए. वह अपने वकील के साथ जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे दाल खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में पूछताछ शुरू की गई. यह मामला बिस्कोमान के माध्यम से दाल की खरीद और बिक्री में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है.
जांच एजेंसी ने इस मामले में सुनील सिंह को पूछताछ के लिए समन जारी किया था. बताया जा रहा है कि इससे पहले ईडी की ओर से जारी किए गए दो नोटिस पर वह उपस्थित नहीं हुए थे. इसके बाद तीसरे समन के तहत गुरुवार को वह एजेंसी के समक्ष पहुंचे और जांच में शामिल हुए.
मामले में आरोप है कि बिस्कोमान के माध्यम से दाल की खरीद और बिक्री में कथित गड़बड़ी कर करीब 50 से 60 लाख रुपये अर्जित किए गए. इसी वित्तीय लेनदेन और पूरे कारोबारी मामले की जांच ईडी कर रही है. एजेंसी इस मामले से जुड़े तथ्यों, लेनदेन और अन्य पहलुओं को लेकर सुनील सिंह से जानकारी जुटा रही है.
सुनील सिंह के ईडी कार्यालय पहुंचने के बाद उनसे पूछताछ की प्रक्रिया शुरू हो गई है. जांच एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर पूछताछ कर रही है. फिलहाल जांच जारी है और पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है.
इस मामले में ईडी की जांच का मुख्य केंद्र दाल की खरीद-बिक्री से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और उससे संबंधित लेनदेन हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।