BIHAR NEWS
दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह की जमानत रद्द, पोते नीरज कुमार ने खाई थी कसम, बोले- आरोपियों को सजा मिलने तक चैन नहीं
पटना : मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ने के बाद दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार का पुराना बयान एक बार फिर चर्चा में आ गया है. दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द कर दी है. साथ ही उन्हें एक दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. यह फैसला नीरज कुमार की याचिका पर सुनवाई के दौरान आया.
दादा की हत्या के बाद नीरज ने लिया था संकल्प
दुलारचंद यादव की हत्या के बाद उनके पोते नीरज कुमार ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि जब तक उनके दादा की हत्या के सभी पांच आरोपित गिरफ्तार नहीं होते और उन्हें सजा नहीं मिलती, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे. उन्होंने ब्रह्मभोज नहीं करने की बात भी कही थी.
अनंत सिंह पर लगाए थे गंभीर आरोप
नीरज कुमार ने घटना के बाद अनंत सिंह पर अपने दादा को गोली मारने का आरोप लगाया था. उनका दावा था कि उन्होंने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि घटना से पहले उनके दादा को चुनाव प्रचार से हटने के लिए धमकी दी गई थी.
नीरज ने पुलिस पर भी आरोपितों को बचाने और अनंत सिंह की मदद करने का आरोप लगाया था. हालांकि, ये सभी आरोप नीरज कुमार के बयान और एफआईआर में लगाए गए आरोप हैं.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बढ़ी मुश्किलें
30 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह की जमानत रद्द करते हुए एक दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया. इस घटनाक्रम के बाद दुलारचंद यादव हत्याकांड फिर से बिहार की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है.
नीरज कुमार के पुराने बयान और न्यायिक घटनाक्रम को जोड़कर देखा जा रहा है. अब सबकी नजरें आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट----
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।