BREAKING NEWS
दीपावली पर रांची में सजेगा पटाखों का बाजार, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने खुलेंगी 21 दुकानें
सुबह9से रात11बजे तक होगी पटाखों की बिक्री,आगजनी से निपटने के लिए दमकल की गाड़ी,सुरक्षा गार्ड और अग्निशमन उपकरण रहेंगे तैनात
रांची: दीपावली को लेकर राजधानी रांची में खुदरा पटाखा बाजार सजाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने कुल21खुदरा पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी। जिला प्रशासन और रांची नगर निगम ने पूर्व वर्षों की तरह निर्धारित स्थल पर पटाखों की खुदरा बिक्री की अनुमति देने पर सहमति प्रदान कर दी है।
जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त दुकानदार अब निर्धारित स्थल पर अपनी दुकानें लगा सकेंगे। बाजार में सुबह9बजे से रात11बजे तक पटाखों की बिक्री होगी। दीपावली को देखते हुए बाजार में ग्राहकों की भीड़ को ध्यान में रखकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आगजनी रोकने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम
पटाखा बाजार में आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत बाजार परिसर में पांच सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा दमकल की गाड़ी, अग्निशमन उपकरण और बालू की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
दुकानों के आसपास रहेगा नो स्मोकिंग जोन
सुरक्षा के मद्देनजर दुकानदारों की ओर से दुकानों के आसपास के क्षेत्रों को नो स्मोकिंग जोन घोषित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पटाखों की दुकानों के आसपास धूम्रपान और आग के संभावित स्रोतों पर रोक लगाना है।प्रशासन और नगर निगम की सहमति के बाद राजधानी में पटाखा बाजार लगाने का रास्ता साफ हो गया है। अब निर्धारित स्थल पर दुकानें सजने के साथ दीपावली की खरीदारी का माहौल भी शुरू होगा।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।