Live

BREAKING NEWS

दीपावली की आतिशबाजी से झारखंड की हवा हुई जहरीली, हजारीबाग सबसे प्रदूषित, धनबाद भी बेहद खराब स्थिति में

D
Deepak Kumarलेखक

दीपावली के बाद राज्य के कई शहरों में वायु गुणवत्ता बिगड़ी। हजारीबाग काAQI336और धनबाद का 325दर्ज,रांची में 189तो जमशेदपुर में 150रहा एयर क्वालिटी इंडेक्स।
रांची: दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब झारखंड के कई शहरों की हवा पर दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषक तत्वों के कारण राज्य के कई शहरों की वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है। AQI.IN के रियल टाइम पॉल्यूशन डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, हजारीबाग और धनबाद में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक दर्ज किया गया। हजारीबाग का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 336 तक पहुंच गया, जबकि धनबाद में यह आंकड़ा 325 रहा।

हजारीबाग और धनबाद में प्रदूषण का स्तर 300 के पार
आंकड़ों के मुताबिक, हजारीबाग में AQI 336 दर्ज किया गया, जबकि धनबाद का AQI 325 रहा। दोनों शहरों की वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई। वहीं, चक्रधरपुर में AQI 176, रांची में 189 और जमशेदपुर में 150 दर्ज किया गया।

रांची की हवा में भी बढ़े प्रदूषक तत्व
राजधानी रांची की वायु गुणवत्ता भी चिंताजनक रही। यहां PM2.5 का स्तर 110 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और PM10 का स्तर 229 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

PM2.5 के सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। वहीं PM10 के कण भी श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए विशेष चिंता का विषय है।

झारखंड के प्रमुख शहरों का AQI
AQI.IN के डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शहरों की स्थिति इस प्रकार रही:

एयर क्वालिटी इंडेक्स

शहर-स्टेटस-PM2.5-PM10

चास-UNHEALTHY-176-91-110

चक्रधरपुर-SEVERE-202-127-151

धनबाद-HAZARDAUS-325-236-285

हजारीबाग-HAZARDAUS-336-243-288

जमशेदपुर-POOR-150-55-100

रांची-UNHEALTHY-189-110-229

बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ सकती है परेशानी
वायु प्रदूषण का बढ़ता स्तर लोगों की सेहत पर असर डाल सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण अधिक रहने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

दीपावली के बाद झारखंड के शहरों में बिगड़ी हवा ने एक बार फिर आतिशबाजी से होने वाले वायु प्रदूषण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि आने वाले दिनों में मौसम और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों से वायु गुणवत्ता में कितना सुधार होता है।

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें