Live

BIHAR NEWS

धरहरा में गैस सिलेंडर में रिसाव ठीक करने के दौरान लगी भीषण आग, डिलीवरी कर्मी समेत 3 लोग झुलसे

D
Deepak Kumarलेखक

मुंगेरः मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर से रिसाव ठीक करने के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में नयन इंडेन गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मी समेत तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी घायलों को धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

सिलेंडर से दोबारा गैस रिसाव होने पर हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में दयानंद यादव के पुत्र अमन कुमार, अनुराग कुमार और नयन इंडेन गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मी दीपक कुमार शामिल हैं। अमन कुमार के मुताबिक, उनके घर में रसोई गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ था। इसके बाद वह सिलेंडर लेकर गैस एजेंसी पहुंचे, जहां तकनीकी कर्मियों ने सिलेंडर की रबर यानी ओ-रिंग बदलकर गैस रिसाव बंद होने की बात कही थी। हालांकि, गुरुवार को सिलेंडर से दोबारा गैस रिसने लगी।

रिसाव ठीक करने के दौरान अचानक भड़की आग
बताया जा रहा है कि गांव में गैस वितरण करने पहुंची एजेंसी की गाड़ी को अमन कुमार ने रोका और सिलेंडर से दोबारा गैस रिसने की समस्या बताई। इसके बाद डिलीवरी कर्मी दीपक कुमार सिलेंडर की जांच कर रिसाव ठीक करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान चिंगारी के संपर्क में आने से अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आकर अमन कुमार, अनुराग कुमार और दीपक कुमार झुलस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।

ग्रामीणों ने बालू, पानी और भीगे बोरों से बुझाई आग
आग लगते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने बालू, पानी और भीगे बोरों की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद तीनों घायलों को तत्काल धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। ग्रामीणों की तत्परता के कारण आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।

गैस एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने गैस एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए हैं। सिलेंडर में पहले भी रिसाव होने और कथित तौर पर ओ-रिंग बदलने के बाद दोबारा लीकेज शुरू होने की बात सामने आने से मामले की गंभीरता बढ़ गई है।

अब यह जांच का विषय है कि सिलेंडर में दोबारा गैस रिसाव क्यों हुआ और रिसाव ठीक करने के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी जरूरी सावधानियों का पालन किया गया था या नहीं। मामले में संबंधित विभाग और गैस एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

मुंगेर से अमृतेष सिन्हा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें