BIHAR POLITICS
दिल्ली में बिहार कांग्रेस के नेताओं की अहम बैठक, खरगे के साथ राहुल गांधी भी लगाएंगे क्लास, इन मुद्दों पर होगा गंभीर मंथन
PATNA :आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। बिहार में संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने कमर कस ली है लिहाजा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 17 अगस्त को दिल्ली में बिहार के पार्टी नेताओं की अहम बैठक बुलायी है, जहां आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन होगा।
कांग्रेस करेगी रणनीति पर चर्चा
17 अगस्त को दिल्ली में होने वाली अहम बैठक को लेकर बिहार के सभी विधायक और विधान पार्षद दिल्ली रवाना होंगे, जहां रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी और कई बड़े नेताओं को अहम टास्क भी दिया जाएगा। बिहार में पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश नेताओं को गठबंधन के अन्य दलों से तालमेल बैठाने और आपसी फूट को दूर करने जैसे मुद्दों पर भी निर्देश दिए जा सकते हैं।
इन मुद्दों पर होगी गंभीर चर्चा
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में होने वाली बैठक में सीट बंटवारे पर भी चर्चा संभव है। I.N.D.I.A गठबंधन में रहते हुए बिहार में कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करेगी, इस पर भी मंथन किया जाएगा क्योंकि I.N.D.I.A गठबंधन की अगली बैठक 31 अगस्त को मुंबई में होने वाली है, जिसमें देशभर के विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही नई दिल्ली में होने वाली बैठक में बिहार में कैबिनेट विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है। बिहार कांग्रेस द्वारा लगातार दो मंत्री पद की मांग की जा रही है लेकिन अबतक बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो सका है लिहाजा इसपर चर्चा संभव है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।