दिल्ली में प्रदर्शन से पहले रेलवे का बड़ा फैसला
पटना से राजधानी, तेजस राजधानी, मगध और संपूर्णक्रांति समेत कई ट्रेनें 10 अक्टूबर तक रद्द
पटना:दिल्ली में10अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन और नई दिल्ली एवं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका के बीच रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को रद्द करने का आदेश जारी किया है.इसका असर बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ सकता है.पटना और गया से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनें इस फैसले से प्रभावित हैं.
रेलवे के9अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक,शुक्रवार दोपहर2बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और शनिवार सुबह4बजे से दोपहर2बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली निर्धारित ट्रेनों को रद्द किया जाएगा.
*पटना से प्रभावित प्रमुख ट्रेनें*
पटना से दिल्ली जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल (15658),पूर्वा एक्सप्रेस (12303),विक्रमशिला एक्सप्रेस (12367),मगध एक्सप्रेस (20801),तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309),संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस (12393),अमृत भारत एक्सप्रेस (22361),गरीब रथ (12435)और एमएलटीडी-आनंद विहार एक्सप्रेस (13429)सहित कई ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है.राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करनी चाहिए.
*गया से चलने वाली ट्रेनें भी प्रभावित*
गया से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस (12301)के साथ राजधानी एक्सप्रेस (12313),जालियांवाला बाग एक्सप्रेस (12379),महाबोधि एक्सप्रेस (12397)और पूर्वोत्तर एक्सप्रेस (12801)के परिचालन पर भी असर पड़ने की जानकारी दी गई है.
*जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का एलान*
दिल्ली के जंतर-मंतर पर10अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन प्रस्तावित है.प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहे हैं.हालांकि,रेलवे ने ट्रेनों को रद्द करने और प्रदर्शन के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.रेलवे ने स्टेशनों के आसपास संभावित यातायात बाधा को फैसले की वजह बताया है.
रेलवे यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर और यात्रा की तारीख डालकर आधिकारिक रेलवे पूछताछ सेवा पर परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।