Live

BREAKING NEWS

दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौत, शादी की पहली सालगिरह से पहले उजड़ा संसार

D
Deepak Kumarलेखक

गोपालगंज के मोहम्मदपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर,बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे पति-पत्नी

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के ब्रज किशोर हाट के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिधवलिया निवासी सुदामा राम के 26 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार और उनकी 22 वर्षीय पत्नी पूषा देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ब्रज किशोर हाट के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान चली गई।

शादी के एक साल भी पूरे नहीं हुए थे

बताया जाता है कि अक्षय कुमार और पूषा देवी की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों ने साथ मिलकर जिंदगी के नए सपने संजोए थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। शादी की पहली सालगिरह से पहले ही दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ समय पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर मोहम्मदपुर थाना पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। एक ही दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें