दर्दनाक सड़क हादसा : औरंगाबाद में ट्रक की चपेट में आने से बाइकसवार 2 युवकों की मौत, 1 की हालत गंभीर
औरंगाबाद: बड़ी खबर औरंगाबाद से है जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर सवार 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना के बाद सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही को लेकर भी सवाल उठे. औरंगाबाद के सांसद अस्पताल पहुंचे और समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सिविल सर्जन को फोन पर फटकार लगाई.
बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कामा बिगहा पुल के समीप शनिवार को भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिर.
जानकारी के अनुसार,शाहपुर अखाड़ा के समीप रहने वाले तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर दूध लेने के लिए निकले थे. इसी दौरान कामा बिगहा पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पड़रिया गांव निवासी रामजनम यादव के पुत्र अभय कुमार तथा शाहपुर अखाड़ा निवासी लकी कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल,गया रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
इधर,हादसे की जानकारी मिलते ही औरंगाबाद के सांसद सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान सांसद ने आरोप लगाया कि यदि घायलों का समय पर और बेहतर इलाज होता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी. अस्पताल की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने सिविल सर्जन को फोन कर इलाज में कथित लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए.
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है,जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट