दर्दनाक सड़क हादसा : नालंदा में ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर, राजगीर से कुंड स्नान कर लौट रहे 3 लोगों की मौत
नालंदा : बड़ी खबर बिहार के नालंदा से है जहां रविवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है. ऑटो और ट्रक के बीच हुई टक्कर में महिला, बच्चा समेत 3 व्यक्तियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. यह हादसा छबीलापुर थाना क्षेत्र के साइडपर केके पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुई है. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक और टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में महिला,पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना इतना भीषण था कि टेंपो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार टेंपो सवार सभी लोग राजगीर से मलमास मेला में कुंड स्नान कर अपने गांव कोचरा लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने के के पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप टेंपो में सीधी टक्कर मार दी. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया. घटना की सूचना मिलते ही छबीलापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. छबीलापुर थानाध्यक्ष ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. मौत के आंकड़े बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.
नालंदासे राजकुमार मिश्रा की रिपोर्ट--