दर्दनाक सड़क हादसा
कटिहार में ट्रैक्टर पलटने से चालक समेत 2 की मौत, 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल
कटिहार: बड़ी खबर बिहार के कटिहार से है जहांजिले के पोठिया थाना क्षेत्र में सोमवार को ट्रैक्टर पलटने से चालक समेत 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर पाट लदा हुआ था और उस पर मजदूर भी सवार थे. इसी दौरान इमली चौक के निकट ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पलट गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. ट्रैक्टर के नीचे मजदूरों के दब जाने से मौके पर चीख-पुकार मच गई.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहींतीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल सभी मजदूर कटिहार जिले के बरारी नया टोला के रहने वाले थे.घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट---
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।