दर्दनाक सड़क हादसा : रोसड़ा में हाइवा की चपेट में आने से बाइकसवार दंपती की मौत
रोसड़ा (समस्तीपुर) : बड़ी खबर बिहार के समस्तीपुर से है जहां रोसड़ा-बेगूसराय स्टेट हाईवे-55 पर पंचवटी चौक के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने बाइकसवार दंपती को कुचल दिया. हादसे में दोनों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पति-पत्नी सिमरिया घाट से गंगा स्नान कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रोसड़ा की ओर से आ रहे हाइवा ने उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए दोनों को रौंद दिया. दुर्घटना के बाद चालक हाइवा लेकर भागने लगा. सूचना मिलते ही रोसड़ा पुलिस ने पीछा कर हाइवा को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया. इधर रोसड़ा पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया के साथ जांच पड़ताल में जुट गई है.
रोसड़ा से रंजीत मिश्रा की रिपोर्ट-