दर्दनाक सड़क हादसा : औरंगाबाद में स्कॉर्पियो और ट्रक में टक्कर होने से शादी समारोह से लौट रहे 2 लोगों की मौत, 7 घायल
औरंगाबाद : बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से है जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास शादी से लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकरा गई. हादसे में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई. वहीं 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप परिवार के 10 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होकर धनबाद लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से वाहन की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तेज नारायण गुप्ता और विकास कुमार चौहान की मौत हो गई. हादसे में चालक समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में कुछ लोग बोकारो जिले के कुम्हारी क्षेत्र के बताए जा रहे हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए थे. शादी के बाद घर लौटते वक्त यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है,जिससे वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ा.
इसी दौरान जिला परिषद की बैठक से लौट रहे जिला पार्षद सदस्य शंकर यादव ने घायलों को सड़क किनारे तड़पते देखा और तत्काल उन्हें अस्पताल भिजवाया. उन्होंने एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर मदद न मिलने से गंभीर मरीजों को परेशानी होती है.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट—