दर्दनाक रेल हादसा : दाउदपुर स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से जुड़वा भाइयों की मौत, घटना से सनसनी
दाउदपुर (मांझी) : बड़ी खबर बिहार के दाउदपुर से है जहां छपरा–सीवान रेलखंड पर स्थित दाउदपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिम आउटर सिग्नल के पास शनिवार को लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 2 जुड़वा मासूम भाइयों की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बच्चे किसी तरह रेलवे ट्रैक के समीप पहुंच गए. इसी दौरान छपरा की ओर से गुजर रही लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. मृतकों की पहचान दाउदपुर चट्टी निवासी भुखल नट के पांच वर्षीय जुड़वा पुत्र सूर्या कुमार और सागर कुमार के रूप में हुई है.
एक साथ दो मासूम जुड़वा भाइयों की असमय मौत से पूरे दाउदपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. मृत बच्चों के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. स्थानीय लोगों ने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया.
एम पाठक की रिपोर्ट--