दर्दनाक हादसा : मुंगेर में झील में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, घटना से सनसनी
मुंगेर : बड़ी खबर मुंगेर से है जहां हवेली खड़गपुर झील में दोस्तों के साथ घूमने आया खगड़िया के 16 वर्षीय युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद झील परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराकों की मदद से शव झील से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया.
जानकारी के अनुसार केशव अपने पांच दोस्तों के साथ पहले जमालपुर घूमने आया और फिर सभी हवेली खड़गपुर झील पहुंचे. घूमने और तस्वीरें लेने के बाद केशव नहाने के लिए झील में उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
मृतक के दोस्तों आदित्य और राजेश ने बताया कि उन्होंने गमछा फेंककर और खुद पानी में उतरकर उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना की पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय तैराकों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दोस्तों के अनुसार,केशव के पिता रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं और वह परिवार का इकलौता पुत्र था. मृतक खगड़िया के जय प्रकाश नगर निवासी लक्ष्मीकांत निराला के पुत्र केशव कुमार डीएवी स्कूल,खगड़िया में 10वीं कक्षा का छात्र था. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट—