Live

दर्दनाक हादसा

बेगूसराय में करंट लगने से शादी के लिए पंडाल निर्माण में लगे 2 मजदूरों की मौत,परिजनों में पसरा मातम

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

बेगूसराय : बड़ी खबर बिहार के बेगूसराय से है जहां बखरी थाना क्षेत्र के बखरी बाजार स्थित पुराने थाना के पास सोमवार देर रात शादी समारोह के लिए सजावट करते समय 11 हजार बिजली की करंट लगने से 2 मजदूरों की मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.

बताया जा रहा है कि 23 नवंबर की देर रात दोनों मजदूर शादी समारोह के लिए पंडाल और सड़क पर सजावट का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान सड़क पर सावंत करते समय अचानक दोनों 11 हजार बिजली की तार के चपेट में आ गए जिससे दोनों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बखरी वार्ड नंबर- 24 गायत्री मंदिर के समीप के रहने वाले रतन यादव के पुत्र 40 वर्षीय सज्जन यादव और करकौली गांव के रहने वाले स्व. उमेश महतो के 30 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गई है. ‌करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से झुलस गए, घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

स्थानीय लोगों के प्रयास से आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए बखरी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में दोनों के मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया. घटना की सूचना मिलने पर बखरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.

मृतक सज्जन यादव के छोटे भाई सुधीर यादव ने बताया कि उनका भाई सज्जन यादव और सौरभ कुमार दोनों एक साथ लवली टेंट हाउस में काम करते थे और रात में शादी समारोह की सजावट व डेकोरेशन का काम कर रहे थे. सुधीर यादव के अनुसार, यह हादसा करीब रात 1:00 से 1:30 बजे के बीच हुआ. उन्होंने बताया कि लवली टेंट हाउस के संचालक प्यारेलाल हैं, जिनके यहां दोनों काम करते थे. बखरी पुराने थाने के पास चंदू के घर चल रहे फंक्शन में सड़क किनारे सजावट के काम के दौरान करंट लगने से दोनों की मौत हो गई. भाई को खोने के बाद सुधीर यादव और उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सत्यनारायण महतो ने बताया कि सौरभ कुमार की पिछले साल शादी हुई थी और पत्नी 9 महीने की गर्भवती है. रात के अंधेरे में शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर अस्थायी सजावट, लाइटिंग और पंडाल निर्माण के दौरान बिजली सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई इस मौत से दोनों परिवार में मातम छा गया है. स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें