BIHAR NEWS
दरभंगा में परीक्षा देने जा रही छात्रा को बाइक से जबरन ले जाने की कोशिश, शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे, 2 आरोपी गिरफ्तार
दरभंगा: जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में अर्द्धवार्षिक परीक्षा देने जा रही छात्रा को बाइक से जबरन ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना किरतपुर अस्पताल के समीप की बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने एक आरोपित और एक किशोर को पकड़ा है.
पुलिस के अनुसार, छात्रा परीक्षा देने जा रही थी. इसी दौरान दोनों आरोपितों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और अपने साथ ले जाने लगे. छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे. लोगों को आता देखकर दोनों ने छात्रा को बाइक से नीचे गिरा दिया और वहां से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किरतपुर गांव निवासी राजू सदा और एक किशोर को पकड़ा. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है. राजू सदा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि किशोर को पर्यवेक्षण गृह में प्रस्तुत कराया गया.
इधर, जमुई की किशोरी से जुड़े संवेदनशील वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने भी सख्त निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि पीड़िता का वीडियो शेयर करना, उसकी पहचान उजागर करना या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना कानूनन अपराध है.
एसएसपी ने लोगों से अपील की कि ऐसे वीडियो को शेयर, कॉपी-पेस्ट या फॉरवर्ड न करें. किशोरी का नाम, पता, स्कूल और परिवार की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं करने को कहा गया है.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।